गाजियाबाद
किसान नेता से बर्बरता पर एसएसपी अविनाश पांडे के खिलाफ खतोली विधायक ने की कार्रवाई की मांग
पुलिस अधिकारी ने खाकी वर्दी की गरिमा को किया तार-तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : खतौली से राष्ट्रीय लोकदल के विधायक मदन भैया ने हाल ही में स्थानांतरित किए गए मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे पर किसान नेता दिग्विजय भाटी के साथ कथित तौर पर बर्बर व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ शासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ पुलिस का व्यवहार कानून और मानवीय गरिमा के अनुरूप ही होना चाहिए, लेकिन इस मामले में इसकी पूरे तरीके से अनदेखी की गई।
मदन भैया ने कहा कि किसान नेता दिग्विजय भाटी के साथ हुई कथित बर्बरता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक की ओर से पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों के साथ शालीनता और संवेदनशीलता से पेश आने के निर्देश समय-समय पर जारी किए जाते हैं, लेकिन एसएसपी अविनाश पांडे का कथित आचरण इन निर्देशों के विपरीत है।
विधायक ने पूर्व में सामने आए ललिता गौतम प्रकरण में हुए कथित थप्पड़ कांड का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस घटना के बाद पुलिस अधिकारी के व्यवहार में अपेक्षित सुधार नहीं आया और एक बार फिर किसान नेता के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है।
मदन भैया ने मुख्यमंत्री से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे।
विधायक ने यह भी कहा कि जिन अधिकारियों पर बार-बार कानून और नागरिकों के साथ व्यवहार संबंधी नियमों की अनदेखी के आरोप लगते हैं, उन्हें भविष्य में जनता से सीधे जुड़े संवेदनशील पदों पर तैनात करने से पहले सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने अधिकारी की सेवा अभिलेख में भी आवश्यक टिप्पणी दर्ज किए जाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।