
हठधर्मिता नहीं छोड़ी तो मुंहतोड़ जवाब देंगे : अमित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। भाजपा जिला कार्यालय में शनिवार को प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक अमित मंडल ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित किया। इस दौरान JPSC, JSSC-CGL सहित नियुक्ति परीक्षाओं को लेकर छात्रों के आंदोलन और कथित लाठीचार्ज व दुर्व्यवहार के मामले पर भाजपा नेताओं ने झारखंड सरकार और झामुमो कार्यकर्ताओं पर निशाना साधा। अमित मंडल ने कहा कि छात्रों को अपने हक और अधिकार की मांग करने की लोकतांत्रिक स्वतंत्रता है। उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC, JSSC-CGL समेत विभिन्न नियुक्तियों में अनियमितताओं को लेकर सरकार की भूमिका सवालों के घेरे में रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वयं अपनी एजेंसी CID से जांच कराई, बावजूद इसके न्यायालय में तथ्यों को मजबूती से नहीं रखने का आरोप लगाया।भाजपा ने छात्रों द्वारा प्रस्तावित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रों पर लाठीचार्ज और छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की निंदा की। भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।अमित मंडल ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने झामुमो से हठधर्मिता छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से इसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकार और न्याय की लड़ाई में भाजपा उनके साथ खड़ी है। दौरान संजीव टेकरीवाल, आशिष यादव, कृष्ण कन्हैया आदि उपस्थित थे।



