गाजियाबाद
गांवों की जमीनी हकीकत जानने पहुंचीं जीसस एंड मेरी कॉलेज की छात्राएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मेरी कॉलेज की छात्राओं ने ‘उन्नत भारत अभियान’ के तहत लोनी विकास खंड के गनौली और सिरोली गांवों का दौरा कर ग्रामीण परिवारों का सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण किया। एक दिवसीय क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान छात्राओं ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी जुटाई।
छात्राओं ने घर-घर पहुंचकर परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और रोजमर्रा की चुनौतियों से संबंधित जानकारी एकत्र की। ग्रामीणों तथा आशा कार्यकर्ताओं ने सर्वेक्षण में सहयोग करते हुए छात्राओं को स्थानीय परिस्थितियों से अवगत कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर और ब्लॉक प्रमुख वंदना कोमल गुर्जर के कार्यालय में औपचारिक मुलाकात से हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं को क्षेत्र की सामाजिक परिस्थितियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों की प्रमुख आवश्यकताओं के बारे में जानकारी दी।
सर्वेक्षण का समन्वय डॉ. प्रीति ने किया। मिस बेटिना अब्राहम, डॉ. नूपुरकान्त नायक और डॉ. प्रियंका मारवाह के मार्गदर्शन में छात्राओं ने फील्ड सर्वेक्षण पूरा किया। वहीं ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर रवींद्र कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने टीम को आवश्यक लॉजिस्टिक एवं क्षेत्रीय सहयोग उपलब्ध कराया।
इस अवसर पर विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि विद्यार्थियों का ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की वास्तविक परिस्थितियों को समझना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम आधारित ज्ञान के साथ व्यावहारिक और जमीनी अनुभव भी मिलता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों तथा ग्रामीण समुदाय के बीच निरंतर सहयोग से सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने जीसस एंड मेरी कॉलेज की छात्राओं एवं टीम के सामाजिक सरोकार की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सहयोग का आश्वासन दिया।
जनप्रतिनिधियों और ब्लॉक अधिकारियों ने भी छात्राओं के सामुदायिक जुड़ाव, सामाजिक जिम्मेदारी और ग्रामीण विकास के प्रति उनकी पहल की प्रशंसा की।

