बुलंदशहर
महिलाओं की शिकायतों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें: मनीषा अहलावत।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बुलन्दशहर। राज्य महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत ने अधिकारियों को महिलाओं की शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनआरईसी महाविद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बालिकाओं को शिक्षा एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज में एनआरएलएम की प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन किया। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में महिला कल्याण एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र महिला अथवा बच्चा शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।
जनसुनवाई में घरेलू हिंसा एवं आपसी विवाद से संबंधित 09 महिलाओं ने शिकायतें प्रस्तुत कीं। सदस्य राज्य महिला आयोग ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में महिला कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, दिव्यांगजन कल्याण एवं पंचायत राज विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।



