बरेली

प्रो. अनिल राय ने संभाला रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति का पदभार

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. डॉ. अनिल कुमार राय ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निवर्तमान कुलपति प्रो. केपी सिंह से कार्यभार संभाला। इस मौके पर अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रो. राय को तीन वर्ष के लिए कुलपति नियुक्त किया है। पदभार ग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध और तकनीकी नवाचार सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रो. राय इससे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय सीकर के कुलगुरु थे। वहां उनके कार्यकाल में भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र, हाईटेक मीडिया लैब, रेडियो शेखावाटी 91.2 एफएम, ऑटोमेटेड प्रश्नपत्र प्रणाली, ऑनलाइन डिग्री और माइग्रेशन सुविधा, वाई-फाई युक्त ग्रीन कैंपस जैसी पहल शुरू हुईं।
वे महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा में जनसंचार के वरिष्ठ प्रोफेसर रह चुके हैं और महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी के कार्यकारी कुलपति व प्रतिकुलपति का दायित्व भी निभा चुके हैं। वे वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर में जनसंचार विभाग के संस्थापक अध्यक्ष भी रहे हैं। प्रो. राय 21 पुस्तकों के लेखक हैं और दो विषयों में पीएचडी हैं। उन्हें वाइस चांसलर ऑफ द ईयर, भारत ज्योति पुरस्कार, संचार श्री पुरस्कार सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button