पाकुड़ को एक और राष्ट्रीय राजमार्ग की सौगात, देवपुर से चांदपुर तक बनेगी 20 किलोमीटर सड़क
Pakur receives the gift of another national highway; a 20-kilometer road will be constructed from Devpur to Chandpur.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़ जिले के लिए सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। जिले के हिरणपुर प्रखण्ड के देवपुर से काशीला, कुमारपुर एवं इलामी होते हुए चांदपुर तक करीब 20 किलोमीटर सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने की बात कही जा रही है। इस सम्बन्ध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के देवघर शाखा के कार्यपालक अभियंता ने दूरभाष पर वार्तालाप के दौरान बताया कि उक्त सड़क के निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। फिलहाल आगे की विभागीय प्रक्रिया जारी है। जल्द ही सड़क निर्माण को धरातल पर उतारने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई तेज की जायेगी। इस सड़क के निर्माण से हिरणपुर प्रखण्ड सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की आवागमन सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही कृषि, व्यापार, लघु एवं कुटीर उद्योग, औद्योगिक गतिविधियों तथा छात्र-छात्राओं के आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा। सड़क बनने से क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की सम्भावना है। साथ ही इस सड़क के निर्माण से पाकुड़ शहर को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही, भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने से परिवहन एवं ट्रांसपोर्टिंग व्यवस्था सुगम होगी और औद्योगिक इकाइयों के विस्तार को गति मिलेगी। इसके अलावे पाकुड़ सहित पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के लोगों को भी आवागमन एवं व्यापारिक गतिविधियों में सीधा लाभ मिलेगा।



