यूथ कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक में तनवीर आलम आलम को आगामी विधायक बनाने पर जोर
Youth Congress executive meeting emphasizes on making Tanveer Alam Alam the next MLA

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। शहर के रविंद्र भवन में यूथ कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की बैठक युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बेलाल शेख के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव एवं प्रदेश महासचिव तनवीर आलम पहुंचे। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया, जिससे रविंद्र भवन परिसर गूंज उठा। बैठक का संचालन अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष शाहीन परवेज ने किया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव और प्रदेश महासचिव तनवीर आलम ने संगठन को बूथ एवं पंचायत स्तर तक मजबूत करने तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। नेताओं ने राज्य में चल रहे एसआईआर (SIR) कार्य सहित विभिन्न जन मुद्दों पर भी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता तनवीर आलम ने कहा कि कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी संगठन के प्रति उनके उत्साह और प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और उसके अधिकारों की रक्षा करने पर आधारित है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कई राजनीतिक दल सक्रिय नजर आते हैं, लेकिन जनता के सुख-दुख में लगातार साथ खड़े रहने का काम कांग्रेस कार्यकर्ता करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए आगे आने की अपील की। तनवीर आलम ने कहा कि वर्तमान में चल रहे एसआईआर कार्य के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोगों को फॉर्म भरने और आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ऐसे लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि लोगों की सहायता के लिए विधायक कार्यालय में कार्यकर्ताओं को बैठाने की व्यवस्था की जा रही है। ये कार्यकर्ता लोगों को आवश्यक कागजात और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सहायता निस्वार्थ भाव से उपलब्ध कराई जायेंगी। तनवीर आलम ने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक भय या परेशानी में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाकर उन्हें जागरूक करने और उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करने की अपील की। अपने संबोधन में तनवीर आलम ने कोरोना संक्रमण के दौरान कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सेवा कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय विभिन्न राज्यों में फंसे झारखंड के मजदूरों और लोगों की सहायता के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई और उन्हें वापस झारखंड लाने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर भी लगातार आवाज उठाई है। छात्रों के आंदोलन और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने कई स्तरों पर आंदोलन और प्रदर्शन किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी तरीके से उठाने में सक्षम होता है। उन्होंने युवाओं से कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचाने की अपील की। वही युवा कांग्रेस कमेटी की ओर से तनवीर आलम को आगामी विधानसभा चुनाव में विधायक के रूप में जीत दिलाने पर जोर दिया। कार्यकारिणी की बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मानसारुल हक, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद उर्फ बकुल, पूर्व प्रदेश सचिव सेमिनुल इस्लाम, प्रदेश सचिव देवीलाल मुर्मू, देबू विश्वास, असद हुसैन, अशाेक दास,युवा कांग्रेस महासचिव तस्लीम आरिफ, ओबीसी जिला अध्यक्ष आमिर हमज़ा,सिराजुद्दीन शेख, डॉ. जोहरुल इस्लाम, सेलिम हुसैन, जलालुद्दीन शेख, नसीम आलम, महिला जिला अध्यक्ष शहनाज बेगम, मोतिउर रहमान सहित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय रूप से काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला एवं प्रखंड स्तर के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक मौजूद रहे।



