रामपुर शाहबाद
बाढ़ के पानी में मछली पकड़ते समय अधेड़ डूबा, लोगों ने बचाई जान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। शुक्रवार को बाढ़ के पानी में मछली पकड़ने गए एक अधेड़ का पैर फिसलने से तेज बहाव के साथ गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी में कूदकर उसकी जान बचाई। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला हाकिमान निवासी आजम (45) शुक्रवार को अपने साथियों के साथ मदारपुर-जयतोली मार्ग पर स्थित पुलिया के पास बाढ़ के पानी में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और तेज बहाव के कारण वह गहरे पानी में चले गए। आजम को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पानी में छलांग लगा दी और उन्हें बाहर निकाल लिया। अचेत अवस्था में आजम को उपचार के लिए सीएचसी शाहबाद लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, घटना के बाद से परिवार में अफरा-तफरी का माहौल है।

