गाजियाबाद

रिस्तल महा पंचायत में विधायक के खिलाफ निंदा प्रस्ताव, 12 गांवों से जुटी भारी भीड़

अनिल कसाना के नेतृत्व में हुई सामाजिक सौहार्द संवाद सभा, वोट की चोट से जवाब देने का आह्वान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद :  विधायक नंदकिशोर गुर्जर के कथित अभद्र भाषा और गाली-गलौज से जुड़े वायरल वीडियो को लेकर लोनी में सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। रविवार को रिस्तल गांव में पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना के नेतृत्व में ‘सामाजिक सौहार्द संवाद सभा’ के नाम से 12 गांवों की महा पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विधायक के कथित व्यवहार पर अपनी नाराजगी जताई। सभा में सर्वसम्मति से विधायक के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
पंचायत की अध्यक्षता जवाली निवासी श्रीराम ने की। पंचायत में अधिकांश वक्ताओं ने कहा कि चुनें हुए जनप्रतिनिधियों से शालीन और मर्यादित भाषा की अपेक्षा की जाती है। किसी भी व्यक्ति, परिवार या समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का विरोध किया जाना चाहिए।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष से टकराव नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक मर्यादाओं को बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा किसी परिवार या समाज के लोगों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से खुला विरोध होना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से भविष्य में ऐसी घटनाओं का जवाब वोट की ताकत से देने का आह्वान किया।
पंचायत में मौजूद नितिन प्रधान, शिवकुमार प्रधान, रोहतास प्रधान, अंकित प्रधान, देवेंद्र प्रधान, मनोज प्रधान, श्रीकेश प्रधान, पप्पू पहलवान, वीरेंद्र कसाना, जयपाल, रवि प्रधान और मेहकर कसाना समेत कई लोगों ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए। उन्होंने लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।
वक्ताओं ने हालिया रेस्टोरेंट विवाद को लेकर विधायक पर कई गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा था कि पूरे प्रकरण के पीछे राजनीतिक मंशा रही और क्षेत्र में लोगों को आपस में बांटने का प्रयास किया गया  पंचायत में मौजूद लोगों ने कहा कि किसी भी राजनीतिक विवाद को जातीय या धार्मिक रंग देने के बजाय शांतिपूर्ण तरीके से उसका समाधान होना चाहिए।
सभा के दौरान समर्थकों ने अनिल कसाना के समर्थन में नारे भी लगाए। ग्रामीणों ने कहा कि वह पूर्व में ब्लॉक प्रमुख, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे हैं। इस दौरान “अनिल कसाना संघर्ष करो, हम सब आपके साथ हैं” के नारे लगाए गए।
कानूनी और सामाजिक लड़ाई जारी रखने का निर्णय
पंचायत के अंत में विधायक के कथित अभद्र भाषा, गाली-गलौज और धमकी के खिलाफ कानूनी एवं सामाजिक स्तर पर विरोध जारी रखने का निर्णय लिया गया। आयोजकों ने कहा कि पूरे मामले में आगे की कार्रवाई लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से की जाएगी। सभा का संचालन मास्टर गजराज सिंह ने किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button