बागपत

बालैनी में पुलिस ने रोकी PDA साइकिल रैली

सपा नेता रवि बैसला से हुई तीखी नोकझोंक

जनसैलाब के बीच पुलिस ने रैली को रोका, मुकदमा दर्ज करने की धमकी देने का आरोप
बागपत/बालैनी। समाजवादी पार्टी के नेता रवि बैसला के नेतृत्व में आयोजित PDA साइकिल रैली को बालैनी में पुलिस ने रोक दिया। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने के बाद पुलिस ने आयोजक स्थल पर ही साइकिल यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान सपा नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
सपा नेता रवि बैसला ने आरोप लगाया कि रैली में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सरकार के इशारे पर कार्यक्रम को रोकने का प्रयास किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने साइकिल यात्रा को आगे बढ़ने से रोकने के साथ ही रैली में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की धमकी भी दी।
बैसला ने कहा कि PDA साइकिल रैली लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित कार्यक्रम था। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और जनता के बीच जाने का अधिकार सभी राजनीतिक दलों और कार्यकर्ताओं को है। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने जैसा है।
उन्होंने कहा कि “पुलिस और प्रशासन के दबाव से जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। PDA की आवाज लगातार उठती रहेगी और समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी।”
रैली रोके जाने के दौरान मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस और सपा नेताओं के बीच हुई नोकझोंक को लेकर समर्थकों में भी नाराजगी दिखाई दी। सपा नेताओं ने प्रशासन से लोकतांत्रिक कार्यक्रमों में अनावश्यक हस्तक्षेप न करने की मांग की।
रैली में योगेंद्र बंसल, पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र देव, मवनीत बंसल, जितेंद्र यादव, जगपाल सिंह, नदीम अल्वी, इरफान सभासद, मुरसलीन आजाद सराय, अनस मुल्तानी, साजिद रोशनगढ़, तैय्यब कस्सार, नईम अहमद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button