बरेली
डीएम ने जलभराव प्रभावित कालोनियों का किया निरीक्षण
नदी की भूमि पर बसी कालोनियों से जलभराव, सीमांकन और सीलिंग के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली । जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शनिवार को मिनी बाईपास और किला क्षेत्र की जलभराव प्रभावित कालोनियों का निरीक्षण किया। उन्होंने लाजपत नगर, केसर वाटिका, त्रिवेणी एन्क्लेव और बालाजी विहार का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से समस्या के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण में पाया गया कि नदी की भूमि और प्राकृतिक जल निकासी क्षेत्र पर कालोनियां बसने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है, जिससे वर्षा जल का प्रवाह बाधित हो रहा है।
डीएम ने बालाजी विहार में भूमि का सीमांकन कराने और अवैध कब्जेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान दो मकानों में बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण होता मिला, जिन्हें तत्काल सील करने के आदेश दिए। साथ ही यूएस मेमोरियल स्कूल में चल रहे निर्माण को भी अग्रिम आदेश तक रोकने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध स्वीकृति के कोई निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम सदर ईशिता किशोर सहित नगर निगम और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।




