बरेली
कलेक्ट्रेट में डीएम ने की राजस्व कार्यों की समीक्षा, तेजी लाने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को कर-करेत्तर वसूली, राजस्व कार्यों, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और राजस्व वादों की समीक्षा बैठक हुई।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और लंबित मामलों के प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों की वसूली प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य समय से पूरा करने पर जोर दिया।
डीएम ने कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी न हो और पारदर्शिता व समयबद्धता बनी रहे। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को सूचकांकों में सुधार के लिए लगातार निगरानी करने और कमियों को तत्काल दूर करने को कहा।
बैठक में एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी और एसडीएम सदर इशिता किशोर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



