गोड्डा
चीनी में मिला प्लास्टिक जैसा दाना, दुकानदार को लौटाई चीनी
पानी में डालने पर कुछ चीनी घुली, प्लास्टिक जैसे दाने नहीं गले, विभाग से जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेहरमा। मेहरमा प्रखंड क्षेत्र के पत्तिचक-पिरोजपुर बाजार में कथित तौर पर चीनी में प्लास्टिक जैसे पदार्थ मिले होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बाजार में मिलावट को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, चीनी में मिला पदार्थ वास्तव में प्लास्टिक है या कोई अन्य पदार्थ,इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जानकारी के अनुसार, शंकरपुर पंचायत के मुखिया पति सह प्रतिनिधि रमेश प्रसाद सिन्हा ने दो दिन पूर्व पत्तिचक-पिरोजपुर स्थित सिकंदर साह की दुकान से पांच किलो चीनी खरीदी थी। घर में चूड़ा-दही के साथ चीनी खाने के दौरान उन्हें चीनी कुछ चिपचिपी लगी। संदेह होने पर उन्होंने एक बाल्टी में पानी डालकर चीनी मिलाई। उनका दावा है कि कुछ चीनी पानी में घुल गई, जबकि कुछ दाने प्लास्टिक जैसे दिखाई दिए और पानी में नहीं गले।
इसके बाद रमेश प्रसाद सिन्हा चीनी लेकर दुकानदार के पास पहुंचे और वहां भी पानी में चीनी डालकर जांच की। उनके अनुसार, इसमें भी कुछ दाने नहीं घुले। इसके बाद उन्होंने कथित प्लास्टिक मिश्रित चीनी दुकानदार को वापस कर दी और अपने पैसे वापस ले लिए। दुकानदार सिकंदर साह ने बताया कि वह बाहर से चीनी मंगवाते हैं और परसों ही चीनी का बोरा खोला गया था, जिसके बाद ग्राहकों को चीनी बेची गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों में खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग से मामले की जांच कराने की मांग की है। खासकर दुर्गा पूजा और छठ पर्व को देखते हुए मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ने वाली है। ऐसे में लोगों ने बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थों की जांच और मिलावटखोरों पर कार्रवाई की मांग की है।




