सिंगरौली

गनियारी पीजी कॉलेज कैंपस को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

कलेक्टर  गौरव बैनल ने किया निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण, शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

कलेक्टर के प्रयास से NCL CSR से बनेगा 400 सीटर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने गनियारी स्थित निर्माणाधीन शासकीय पीजी कॉलेज भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा कुछ कार्य शेष हैं। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी PIU को शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही फेज-2 के प्रस्तावित कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर कार्य को आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि गनियारी स्थित पीजी कॉलेज परिसर को विद्यार्थियों के लिए एक समग्र एवं आधुनिक शैक्षणिक परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। परिसर में मल्टी-पर्पज हॉल का निर्माण किया जा रहा है, जिसका उपयोग बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के साथ-साथ सेमिनार, शैक्षणिक कार्यक्रम एवं अन्य आयोजनों के लिए किया जा सकेगा। कलेक्टर श्री गौरव बैनल की पहल से NCL CSR के माध्यम से 400 सीटर ऑडिटोरियम की स्वीकृति कराई गई है। इसी परिसर में बनने वाले इस ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बड़े स्तर पर शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।
कॉलेज परिसर के भविष्य के विकास की योजना के तहत विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी एवं आधुनिक लाइब्रेरी विकसित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। इस प्रकार कॉलेज भवन के साथ मल्टी-पर्पज हॉल, 400 सीटर ऑडिटोरियम एवं भविष्य में प्रस्तावित लाइब्रेरी सहित विभिन्न सुविधाओं को एक ही परिसर में विकसित करने की योजना है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विकास कार्यों में बाधक आसपास के अवैध अतिक्रमणों को नियमानुसार सख्ती से हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि निर्माण एवं आगामी विकास कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि गनियारी का यह परिसर आने वाले समय में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अध्ययन की सुविधाओं से युक्त एक आधुनिक कॉलेज कैंपस के रूप में विकसित किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button