दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकअप ने 10 साल के मासूम को कुचला
माता-पिता के साथ दवा लेने जा रहे रिहान को औद्योगिक क्षेत्र में पिकअप ने मारी टक्कर, चालक वाहन छोड़कर फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। थाना धौलाना क्षेत्र के मसूरी-गुलावठी रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क पार कर रहे बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक पिकअप मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव शेखपुर खिचरा निवासी नसीम शनिवार दोपहर अपने 10 वर्षीय बेटे रिहान को दवा दिलाने के लिए औद्योगिक क्षेत्र की ओर जा रहे थे। बताया गया कि रिहान कुछ आगे चल रहा था, जबकि उसके माता-पिता कुछ दूरी पर पीछे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही पिकअप ने रिहान को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिहान गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। रिहान अपने परिवार का इकलौता बेटा और चार बहनों का भाई था। उसकी मौत से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर धौलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अवनीश शर्मा के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारणों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


