दुर्गा पूजा को लेकर नगर क्षेत्र में निरीक्षण, जाम से निपटने की तैयारी तेज
Inspections conducted in the city area ahead of Durga Puja; preparations to tackle traffic congestion intensified.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। आगामी दुर्गा पूजा त्यौहार को देखते हुए नगर परिषद पाकुड़ प्रशासन ने शहर में यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर प्रशासक अरविंद कुमार चौधरी ने नगर उपाध्यक्ष राणा ओझा एवं सिटी मैनेजर मनीष कुमार के साथ नगर क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों, गलियों और मोहल्लों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क पर लगने वाले जाम की स्थिति, साफ-सफाई तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सड़क किनारे दैनिक नाश्ता एवं अन्य छोटे-मोटे व्यवसाय करने वाले दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें निर्धारित स्थलों पर ही ठेला, नाश्ता दुकान अथवा अन्य अस्थायी दुकानें लगाने की अपील की गई। नगर प्रशासन ने दुकानदारों से कहा कि सड़क पर दुकान अथवा ठेला लगाने से आवागमन प्रभावित होता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे में निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करने से यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ-साथ शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग मिलेगा। नगर प्रशासक अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि आगामी त्यौहारों को देखते हुए नगर परिषद क्षेत्र के सभी चौक-चौराहों, गलियों और सड़कों की साफ-सफाई तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों एवं छोटे व्यवसायियों से प्रशासन का सहयोग करने और सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से ही पाकुड़ शहर में स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकता है। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर प्रशासन लगातार निगरानी रखेगा।



