गाजियाबाद
लोनी रोड-गोकुलपुरी गोल चक्कर पर अंडरपास का 29 सितंबर को शिलान्यास
कार्यक्रम की तैयारियों का पीडब्ल्यूडी व प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा,
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी/दिल्ली। लोनी रोड स्थित गोकुलपुरी गोल चक्कर पर प्रस्तावित अंडरपास के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान रोहतास नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जितेंद्र महाजन भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्थल का जायजा लेकर कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित अंडरपास का शिलान्यास 29 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे। वहीं उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी लोनी रोड स्थित गोल चक्कर पर मौजूद रहकर निर्माण कार्य के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बताया गया कि अंडरपास के निर्माण से शाहदरा, शामली और सहारनपुर की ओर आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही गोल चक्कर क्षेत्र में यातायात के दबाव को कम करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में भी मदद मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मास्टर विनोद कुमार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आकाश भारद्वाज समेत लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।


