जल सहियाओं एवं ग्रामीणों ने लिया स्वच्छता का संकल्प, जन-जागरूकता पर दिया जोर
'Jal Sahiyas' and villagers pledge for cleanliness; emphasize public awareness.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत अमड़ापाड़ा प्रखंड क्षेत्र में विशेष सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला जल एवं स्वच्छता समिति, पाकुड़ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्क, दुर्गा मंदिर परिसर एवं मंदिर स्थित सीढ़ी घाट की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता श्री अनंत प्रसाद सिंह, जिला समन्वयक श्री इमरान आलम, जल सहियाएं एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान जल सहिया आशा देवी, मेरीलीना हेम्ब्रम, रीता देवी समेत अन्य सहभागियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। सभी ने मंदिर परिसर, पार्क एवं सीढ़ी घाट में फैले कचरे की सफाई की। श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक अभियंता श्री अनंत प्रसाद सिंह एवं जिला समन्वयक श्री इमरान आलम ने जल सहियाओं एवं ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के उचित निस्तारण तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी ने प्रत्येक वर्ष 100 घंटे, अर्थात प्रति सप्ताह 2 घंटे श्रमदान करने, न स्वयं गंदगी फैलाने और न ही दूसरों को गंदगी फैलाने देने तथा कम से कम 100 अन्य लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों से अपील की गई कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। साथ ही, स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।



