पाकुड़

त्यौहार के ध्यानार्थ सुरक्षा व्यवस्था पर डीसी-एसपी ने दिए सख्त निर्देश, चौक-  चौराहों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, सोशल मीडिया पर है निगरानी

DC and SP issue strict directives regarding security arrangements for the festival; police to keep a close watch at intersections and squares, and social media is being monitored.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। दुर्गापूजा को शान्तिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर पाकुड़ समाहरणालय सभागार में शान्ति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने की। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखण्डों से पहुंचे दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपने- अपने पूजा पंडाल, शोभायात्रा एवं विसर्जन को लेकर प्रशासन के समक्ष आवश्यक जानकारी साझा की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, रूट चार्ट, ट्रैफिक व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डीसी एवं एसपी के आदेश के बिना पूजा समिति के सदस्य रूट डायवर्ट नहीं करेंगे। पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए निर्धारित रूट एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, चौक-चौराहों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती तथा ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। दुर्गापूजा के मद्देनजर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रशासन की ओर से विशेष निगरानी रखी जा रही है। बैठक में पूजा समितियों एवं आम लोगों से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा विवादित टिप्पणी करने से बचने की अपील की गई। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि अथवा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई। प्रशासन ने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किए जाय। डीजे बजाने तथा आपत्तिजनक टिप्पणी करने से पूरी तरह बचने को कहा गया। किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल सम्बन्धित थाना प्रभारी, जिला प्रशासन अथवा आपातकालीन सेवा 112 से सम्पर्क करने की अपील की गई।  अवांछनीय एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल सहित अन्य तैयारियों पर भी चर्चा की गई। प्रशासन के साथ पूजा समितियों के स्वयंसेवकों को भी समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा गया। पूजा पंडालों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड, सीसीटीवी कैमरे तथा निगरानी व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। बैठक में पूजा के दौरान ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने तथा आवागमन सुचारु रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। पूजा से पहले सड़कों की मरम्मत एवं दुरुस्तीकरण कराने की बात भी प्रशासन की ओर से कही गई। जिले के सभी गांवों एवं मोहल्लों में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर फ्लैग मार्च निकालने का सुझाव भी सामने आया। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने तथा किसी भी अवांछनीय स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गये। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से दुर्गापूजा को लेकर सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं। सभी पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शान्तिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व सम्पन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में आईटीडीए पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, एसडीओ, नगर प्रशासक, सभी प्रखण्डों के बीडीओ/ सीओ, महेशपुर एवं पाकुड़ के एसडीपीओ, थाना प्रभारी, मीडिया प्रतिनिधि, विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग समेत विभिन्न पार्टियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने शान्तिपूर्ण वातावरण में दुर्गापूजा सम्पन्न कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया। अंत में डीसी मेघा भारद्वाज एवं एसपी अनुदीप सिंह ने जिलेवासियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए असामाजिक एवं हुड़दंग करने वाले तत्वों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति एवं विधि-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button