सिंगरौली

छह महीने से सड़क पर बह रहा नल-जल योजना का पानी, मरम्मत के बाद भी नहीं थमा रिसाव

पानी की बर्बादी से लोग परेशान, पूर्व में कराए गए मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नल-जल योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन में लीकेज के कारण पिछले करीब छह महीने से सड़क पर लगातार पानी बह रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार समाचार पत्रों, सोशल मीडिया और संबंधित विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक पाइपलाइन के रिसाव का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पाइपलाइन की मरम्मत के लिए पूर्व में काम भी कराया गया था, लेकिन मरम्मत के बाद समस्या खत्म होने के बजाय पानी का रिसाव और बढ़ गया। इससे सड़क पर लगातार पानी बह रहा है और बड़ी मात्रा में पेयजल की बर्बादी हो रही है। लोगों ने पूर्व में किए गए मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।
नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने और उसके रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी या कार्यदायी संस्था की होती है। लंबे समय से लीकेज बने रहने के कारण सड़क की स्थिति भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर पाइपलाइन की निगरानी और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाती तो समस्या इतनी लंबी अवधि तक नहीं बनी रहती।
लोगों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर पाइपलाइन लीकेज का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। साथ ही पूर्व में कराए गए मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग भी उठाई है, ताकि भविष्य में पेयजल की इस तरह बर्बादी न हो।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button