जीएस मेडिकल कॉलेज में नेतृत्व परिवर्तन, प्रो. डॉ. प्रदीप गर्ग को दी विदाई
प्रो. डॉ. दक्षा आमोंकर ने संभाली डीन की नई जिम्मेदारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । जीएस विश्वविद्यालय के मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में नेतृत्व परिवर्तन के अवसर पर विदाई एवं स्वागत समारोह का गरिमामयी आयोजन किया गया। जीएस हॉस्पिटल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में निवर्तमान डीन प्रो. डॉ. प्रदीप गर्ग को उनके कार्यकाल एवं संस्थान के विकास में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए विदाई दी गई। वहीं नवनियुक्त डीन प्रो. डॉ. दक्षा आमोंकर का मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल परिवार की ओर से गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
समारोह में जीएस विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर डॉ. अंकित शर्मा, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. रूपाली शर्मा, सीईओ डॉ. नेहा जी शर्मा तथा डायरेक्टर जीएस आयुर्वेद सोनाली शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। प्रो. डॉ. मधुबाला गौर ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। इसके बाद वाइस चांसलर प्रो. डॉ. यतिश अग्रवाल ने प्रो. डॉ. प्रदीप गर्ग के नेतृत्व अनुभव एवं संस्थान के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। इस दौरान जीएस मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल परिवार की ओर से उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई तथा कार्यकाल से जुड़ी स्मृतियां साझा की गईं।
नवनियुक्त डीन प्रो. डॉ. दक्षा आमोंकर ने अपने संबोधन में संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, अनुसंधान तथा समग्र विकास को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जीएस मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की प्रगति में चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों और कर्मचारियों की टीम भावना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
समारोह में मेडिकल सुप्रिंटेंडेंट डॉ. शरद गोयल, उपनिदेशक अंकित विझ, मनोज शिशौदिया, एस.एन. सिंह, सीएचए डॉ. एस. कुमार, डॉ. भावना, डॉ. गगन सक्सेना, डॉ. भास्कर, हिमाद्री कलिटा, रवि बंसल, आर.के. अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, संजीवनी, रमन कौर, बब्ली, राजेश, अभिनव संचान सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अन्य चिकित्सक और कर्मचारी उपस्थित रहे।




