गाजियाबाद

गाजियाबाद में छूटे पशुओं के टीकाकरण की तैयारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गाजियाबाद। जनपद में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (FMD) और लंपी स्किन डिजीज से बचाने के लिए चलाए गए टीकाकरण अभियान के बाद अब टीकाकरण से वंचित रह गए पशुओं को चिन्हित किया जा रहा है। पशुपालकों से अपील की गई है कि जिन पशुओं को किसी कारणवश टीका नहीं लग सका है और वे अब टीकाकरण कराना चाहते हैं, वे व्हाट्सऐप के माध्यम से सूचना उपलब्ध कराएं।
जनपद में 22 जुलाई से 22 सितंबर तक टीकाकरण अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान कुछ पशु विभिन्न कारणों से टीकाकरण से छूट गए। इनमें पशुपालक के घर पर उपलब्ध नहीं होने, पशु के बीमार होने, गाभिन होने, चार माह से कम उम्र होने अथवा पशुपालक द्वारा टीकाकरण नहीं कराने जैसे कारण शामिल हैं।
छूटे हुए पशुओं की जानकारी देने के लिए पशुपालक 7251953535, 9453988369 और 9412313943 नंबरों पर व्हाट्सऐप कर सकते हैं। संदेश में पशुपालक का नाम, मोबाइल नंबर, गांव का नाम, लोकेशन, पशुओं की संख्या, कान में टैग लगा है या नहीं तथा किस बीमारी से बचाव का टीका लगवाना है, इसकी जानकारी देना जरूरी होगा। व्हाट्सऐप पर सूचना भेजने में असमर्थ पशुपालक इन नंबरों पर फोन भी कर सकते हैं।
टीकाकरण के दौरान पशु की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, पशु स्वामी की सहमति और आवश्यक विवरण की जरूरत होती है। साथ ही पशु को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने में पशुपालक का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। पशु को नियंत्रित किए बिना टीकाकरण करने पर पशु और टीकाकरण करने वाले कर्मचारी, दोनों को चोट लगने का खतरा रहता है। इसके अलावा पोर्टल पर टीकाकरण का रिकॉर्ड दर्ज करने में भी परेशानी हो सकती है।
पशुपालकों से यह भी अपील की गई है कि पशु के कान में टैग लगा होना आवश्यक है। जिन पशुओं में टैग नहीं लगा है, उनमें टैग लगवाने की व्यवस्था करें। टीकाकरण के समय यदि टीकाकरण कर्मी द्वारा आधार नंबर अथवा अन्य आवश्यक जानकारी मांगी जाए तो उसे उपलब्ध कराएं।
ग्राम प्रधानों, वार्ड सदस्यों, पशुपालकों और आम नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि उनके आसपास यदि कोई पशु टीकाकरण से छूट गया हो तो उसकी सूचना संबंधित नंबरों पर जरूर दें। विभाग का उद्देश्य जनपद के अधिक से अधिक पशुओं को टीकाकरण के दायरे में लाकर उन्हें संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित करना है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button