शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम में आज कारंजा पहुंचेंगे संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत
स्मृति भवन और बालासाहेब देवरस नेत्रालय का करेंगे लोकार्पण, तैयारियां पूरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट/लांजी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मंगलवार, 6 अक्टूबर को बालाघाट जिले के लांजी विकासखंड अंतर्गत ग्राम कारंजा पहुंचेंगे। उनके प्रवास को लेकर कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. भागवत कारंजा में नवनिर्मित स्मृति भवन तथा माधव नेत्रालय द्वारा संचालित बालासाहेब देवरस नेत्रालय का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम दोपहर करीब 2.30 बजे प्रस्तावित है।
कारंजा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तृतीय सरसंघचालक बालासाहेब देवरस और वरिष्ठ प्रचारक भाऊराव देवरस का पैतृक गांव है। इसी कारण यहां निर्मित स्मृति भवन को देवरस बंधुओं के जीवन, विचार और संघ कार्य से जुड़ी स्मृतियों के संरक्षण से जोड़ा गया है।
संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के क्रम में डॉ. भागवत का कारंजा प्रवास प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर सुरक्षा, आवागमन सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
वहीं बालासाहेब देवरस नेत्रालय के माध्यम से बालाघाट जिले के साथ महाराष्ट्र के समीपवर्ती क्षेत्रों के लोगों को नेत्र संबंधी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी, स्वयंसेवक और आमंत्रित अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।



