बालाघाट

गोडसे के समर्थन में कथित पोस्ट पर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

श्याम पंजवानी बोले—‘मुंह में राम, दिल में नाथूराम’ की राजनीति का सच सामने आए; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो 

बालाघाट। नाथूराम गोडसे के समर्थन में सोशल मीडिया पर कथित फेसबुक पोस्ट के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशों में महात्मा गांधी की विरासत का उल्लेख करते हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर भाजपा से जुड़े व्यक्तियों पर गोडसे के समर्थन में पोस्ट करने के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को गांधी और गोडसे की विचारधारा को लेकर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

पंजवानी ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के प्रतीक थे, जबकि गोडसे ने हिंसा के जरिए उनकी हत्या की थी। उन्होंने कथित पोस्ट की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि “मुंह में राम, दिल में नाथूराम” वाली राजनीति का सच सामने आना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि संबंधित पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोडसे की विचारधारा से आगे बढ़ने की बात लिखी गई है। उन्होंने कहा कि पोस्ट की सत्यता जांच के बाद स्पष्ट होनी चाहिए और कानून का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाए।

कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन

कांग्रेस नेता अनूप सिंह बेस ने कहा कि सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान राम सिंह भाटिया, श्रीकृष्ण डिंगरू, अल्लाह रखा, अफरोज कुरैशी, मधु चौकसे, पूजा, रिजवान खान, राहुल सिंह बेस, मुकेश माहुले, धर्मेंद्र बोपचे, आजम खान, शिवम विश्वकर्मा, विनोद वंशकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button