
सभी समितियां करें पूर्ण क्षमता एवं समर्पण से ग्राम विकास में योगदान: कौशलेश तिवारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मध्य प्रदेश जनअभियान परिषद के निर्देशन में नवांकुर संस्था ताप्ती प्रभास नागरिक सेवा समिति सावंगी और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सावंगी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 21 पौधे रोपे गए। साथ ही मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद आठनेर विकासखंड समन्वयक मधु चौहान ने बताया कि अभियान के तहत विकासखंड के विभिन्न प्रस्फुटन ग्रामों में गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ग्राम बरखेड़, हिवरा, खैरवाड़ा गुजरमाल, बोरपानी सहित अन्य ग्रामों में स्थानीय सहयोग और जनभागीदारी से बोरीबंधान किए गए हैं। वहीं प्रस्फुटन समितियों द्वारा स्वच्छता सहित अन्य गतिविधियां भी की जा रही हैं।
नवांकुर संस्था और प्रस्फुटन समिति की बैठक में संभाग समन्वयक कौशलेश तिवारी ने आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समितियों से ग्राम विकास के कार्यों में पूरी क्षमता और समर्पण के साथ भागीदारी करने तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों को जोड़ने की बात कही।
जिला समन्वयक संतोष राजपूत ने संभावित स्थानों पर बोरीबंधान कर जल संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अल्प वर्षा के कारण जल संरक्षण के लिए अभी से प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नशामुक्ति का संकल्प लिया।
इस दौरान समाजसेवी संजय अडलक, आशुतोष चौहान, गणपत बोहरपी, ताप्ती प्रभास नवांकुर संस्था अध्यक्ष दिनेश माकोड़े, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष हेमलता दवंडे, मनीषा वागद्रे, गौरी झरबडे, वीणा माकोड़े, मीना वागद्रे, परामर्शदाता प्रियांशु धाकड़े, दीपाली पातुलकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



