मेरठ किठौर के ललियाना में फायरिंग के आरोप से गरमाया विवाद, तीन के खिलाफ तहरीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ । किठौर थाना क्षेत्र के गांव ललियाना में दो पक्षों के बीच विवाद और फायरिंग के आरोप से मामला गरमा गया। गांव निवासी सद्दाम पुत्र ताज मोहम्मद ने बुधवार को थाने में तहरीर देकर पूर्व प्रधान के बेटे दानिश पुत्र अफजाल, कादिर पुत्र अबरार निवासी ललियाना और अभय भड़ाना पुत्र नामालूम निवासी भाडोली के खिलाफ शिकायत दी है।
तहरीर में आरोप है कि आरोपितों ने सद्दाम के ट्रैक्टर के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोकने का प्रयास किया और जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग की। शिकायतकर्ता का दावा है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। कैमरों का डीवीआर पुलिस के कब्जे में होने की बात भी कही गई है।
पुराने मुकदमे भी आए सामने
दानिश का नाम इससे पहले भी पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। 24 जुलाई 2020 के पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, मेडिकल थाना क्षेत्र में सर्विलांस टीम के साथ कार्रवाई में दानिश की गिरफ्तारी की गई थी। प्रेस नोट में उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 316/15 में धारा 147, 148, 149, 323 व 307 और मुकदमा अपराध संख्या 677/17 में गैंगस्टर एक्ट की धाराओं का उल्लेख किया गया था।
वहीं, पुरानी समाचार कटिंग में खजूरी गांव में फायरिंग और दहशत फैलाने के आरोपों में भी दानिश का नाम सामने आया था।
पुलिस जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
ललियाना की ताजा घटना में पुलिस अब तहरीर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करेगी। फिलहाल फायरिंग समेत तहरीर में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और आरोपितों का पक्ष सामने आने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



