खैरथल
खैरथल में अतिक्रमण पर होगा बड़ा एक्सन
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना सामूहिक जुम्मेवारी:सभापति विक्की चौधरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। शहर की सड़कों पर पसरा अतिक्रमण अब नगर परिषद के निशाने पर है। दुकानों के आगे बने चबूतरे, सड़क तक निकले टीन शेड और रास्तों को घेरकर खड़ी ठेलियों से संकरी होती शहर की राहों को अब खुला करने की तैयारी है। नगर परिषद जल्द ही पुलिस जाप्ते के साथ बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करने जा रही है। सभापति विक्रम चौधरी ने आयुक्त को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और आगामी दो-तीन दिनों में अभियान शुरू होने की संभावना है।
मुख्य रास्तों पर होगी सीधी कार्रवाई…..
नगर परिषद की कार्रवाई का दायरा शहर के प्रमुख मार्गों तक रहेगा। किशनगढ़ बास रोड, मातौर रोड, हरसोली रोड और रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग समेत अन्य प्रमुख रास्तों पर किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
सभापति चौधरी के अनुसार कई दुकानदारों ने प्रतिष्ठानों के आगे पक्के चबूतरे और टीन शेड बनाकर सड़क की सीमा तक कब्जा कर रखा है। इससे न केवल शहर की सूरत बिगड़ रही है, बल्कि मुख्य मार्गों पर आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। अभियान के लिए पुलिस जाप्ता उपलब्ध कराने को लेकर नगर परिषद की ओर से पत्र भी भेजा गया है।
पहले खुद हटाइए, सम्मान भी पाइए…..
नगर परिषद ने कार्रवाई से पहले लोगों को एक मौका भी दिया है। सभापति विक्रम चौधरी ने दुकानदारों और आमजन से अपील की है कि अभियान शुरू होने से पहले वे अपने स्तर पर अतिक्रमण हटा लें।
उन्होंने कहा कि जो लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर अभियान में सहयोग करेंगे, नगर परिषद उनका सम्मान करेगी। वहीं कार्रवाई के दौरान विरोध या बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने के साथ चालान की कार्रवाई भी होगी।
ठेलियों के लिए भी बनेगा अलग ठिकाना….
शहर के मुख्य मार्गों पर लगने वाली ठेलियां भी अभियान के दायरे में रहेंगी। नगर परिषद अब ठेलियों के लिए अलग स्थान चिह्नित कर उन्हें वहां शिफ्ट करने की तैयारी कर रही है। इससे एक तरफ ठेला संचालकों का कारोबार प्रभावित नहीं होगा, वहीं दूसरी ओर मुख्य सड़कों पर यातायात व्यवस्था भी सुचारू रखने का प्रयास किया जाएगा।
दुकान के आगे ठेली लगवाई तो कार्रवाई….
सभापति ने दुकानदारों को साफ चेतावनी दी है कि दुकान के आगे ठेली लगवाकर उसका किराया वसूलना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर परिषद के अनुसार अतिक्रमण के कारण सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा करने की व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा।
‘शहर हमारा है, इसे सुंदर रखना भी हमारी जिम्मेदारी’…..
सभापति विक्रम चौधरी ने आमजन से अभियान को केवल नगर परिषद की कार्रवाई न मानकर शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की मुहिम का हिस्सा बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर के रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कर आमजन के लिए सुगम बनाना है।
चौधरी ने आमजन से अपील की कि वे इस मुहिम का हिस्सा बनें और खैरथल को सुंदर, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में नगर परिषद प्रशासन का सहयोग करें।

