गाजियाबाद

बिजली घर में घुसकर युवक ने की तोड़फोड़, सरकारी उपकरणों को पहुंची क्षति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लोनी गाजियाबाद : ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के पावी स्थित बिजली घर में बुधवार देर रात एक अज्ञात युवक ने घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने विद्युत उपकरणों और कार्यालय में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद बिजली घर में तैनात कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले में संविदा कर्मी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में बिजली घर पर तैनात संविदा कर्मचारी प्रवीण ने बताया कि बुधवार रात वह ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बिजली घर परिसर में दाखिल हो गया और वहां रखे विद्युत उपकरणों तथा कार्यालय में तोड़फोड़ करने लगा। कर्मचारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

अचानक हुई इस घटना से बिजली घर में तैनात कर्मचारियों में दहशत फैल गई। हालांकि, हमले में किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बिजली घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद विद्युत विभाग ने भी बिजली घर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा घटित न हो।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button