नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। कोसीकलां के गांव बरका में तीन दोस्तों ने मिलकर शौकीन की हत्या कर दी। पूछताछ में सामने आया कि तीनों ने खेत पर शराब पीने के दौरान शौकीन से विवाद किया था। 25 हजार रुपये न देने पर उसकी हत्या की योजना बनाई गई थी। 3 अक्तूबर की रात शौकीन को गोपाल बाग बुलाया गया। वहां उसे जग्गो के कुएं के पास ले जाकर शराब पिलाई गई। योजना के तहत लक्ष्मण नहाने के बहाने कुएं में उतरा और शौकीन को भी नीचे बुला लिया। इसके बाद तीनों ने उसके साथ मारपीट कर पानी में डुबो दिया। हत्या के बाद मोबाइल भी कुएं में फेंक दिया गया था। अगले दिन तीनों आरोपियों ने शव ठिकाने लगाने की नई योजना बनाई। रात करीब साढ़े आठ बजे शव कुएं से निकाला गया। इसे गांव बांसा की ओर चकरोड किनारे खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। शव के अवशेष छिपाने के लिए ऊपर से नमक डाला गया था। शौकीन की तलाश में जुटी पुलिस ने रात करीब नौ बजे डॉग स्क्वायड की मदद ली। खोजी कुत्ता जंगल में उसी स्थान पर पहुंचा, जहां शव दबाया गया था। पुलिस ने गड्ढा खोदकर शव बरामद कर लिया।



