सिंगरौली

चुरहट से मेमो ट्रेन और सिंगरौली–निजामुद्दीन एक्सप्रेस के नियमित संचालन पर बनी सहमति

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की मुलाकात, चोपन से निजामुद्दीन तक नियमित संचालन की दिशा में पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली l लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रेल भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान चुरहट से मेमो ट्रेन का संचालन शुरू करने और सिंगरौली–निजामुद्दीन एक्सप्रेस को नियमित चलाने के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। सांसद के अनुसार, रेल मंत्री ने दोनों मांगों पर सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि सिंगरौली–निजामुद्दीन एक्सप्रेस के नियमित संचालन की दिशा में पहल की जाएगी। तकनीकी कारणों से इस ट्रेन का नियमित संचालन चोपन से निजामुद्दीन तक किए जाने की योजना है। वहीं, चुरहट से मेमो ट्रेन का संचालन भी प्रारंभ होने की उम्मीद जताई गई है। इन दोनों रेल सेवाओं के शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की संभावना है।
चुरहट–सतना रेल सेवा के शुभारंभ में शामिल होने का आग्रह
मुलाकात के दौरान सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चुरहट से सतना रेल सेवा के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित रहने का आग्रह भी किया। चुरहट तक रेल सेवा के विस्तार को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
यात्रियों की उम्मीदें बढ़ीं, आधिकारिक आदेश का इंतजार
सीधी-सिंगरौली क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और नियमित रेल संचालन की मांग लंबे समय से उठती रही है। ऐसे में मेमो ट्रेन शुरू करने और सिंगरौली–निजामुद्दीन एक्सप्रेस के नियमित संचालन को लेकर हुई चर्चा से यात्रियों की उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, दोनों सेवाओं के संचालन की तारीख, समय-सारणी और अंतिम व्यवस्था को लेकर रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार रहेगा।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें रेलवे के आगामी निर्णय और इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने पर टिकी हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button