
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। श्री राम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (CET) में फार्मेसी विभाग की दो दिवसीय इंटरनेशनल कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। फार्मास्यूटिकल इनोवेशन और डिजिटल इंटीग्रेशन से वैश्विक स्वास्थ्य में बदलाव विषय पर आयोजित गोष्ठी में दवाओं की खोज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल पर जोर दिया गया। गोष्ठी फार्मेसी विभाग बरेली, एसोसिएशन ऑफ फार्मास्यूटिकल टीचर्स ऑफ इंडिया (APTI), फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विवि (AKTU) लखनऊ के संयुक्त सहयोग से आयोजित की गई।
पहले दिन ओमान के मस्कट स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्रो. शाह आलम ने अल्जाइमर बीमारी की रोकथाम और दवा खोज में AI की भूमिका पर व्याख्यान दिया। जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय नई दिल्ली की प्रो. ज़ीनत इक़बाल ने महिलाओं में प्रजनन संबंधी कैंसर के उपचार हेतु उन्नत नैनो-आधारित औषधीय चिकित्सा पर विचार रखे।
संयोजक प्रो. (डॉ.) अमित कुमार शर्मा ने बताया कि कांफ्रेंस का मुख्य उद्देश्य फार्मास्यूटिकल विज्ञान और डिजिटल हेल्थ में नवीनतम शोध पर अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। सह-संयोजक प्रो. (डॉ.) नीता यादव ने बताया कि AI व डिजिटल हेल्थ, नैनोटेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, प्रिसिजन मेडिसिन सहित कई विषयों पर मंथन होगा।
इस दौरान एसआरएमएस ट्रस्ट के चेयरमैन देव मूर्ति, सचिव आदित्य मूर्ति, सीईटी के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रभाकर गुप्ता, आयोजन सचिव डॉ. राशि वर्मा आदि मौजूद रहे।




