शामली
खेल मैदान के अभाव में दम तोड़ रही खेल प्रतिभाएं, कांधला में स्टेडियम निर्माण की उठी मांग
युवाओं को खेल सुविधाएं मुहैया कराने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रदेश सरकार से लगाई गुहार, बोले खिलाड़ी—मैदान मिले तो निखरेगी प्रतिभा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला,शामली : कस्बे में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा एक बार फिर उठने लगा है। खेल मैदान के अभाव में क्रिकेट खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए उचित स्थान नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या को लेकर कस्बे के खेल प्रेमियों ने जनप्रतिनिधियों और प्रदेश सरकार से स्टेडियम अथवा खेल मैदान का निर्माण कराने की मांग की है। खिलाड़ियों का कहना है कि खेल सुविधाओं के अभाव में युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच नहीं मिल पा रहा है।
शनिवार को खेल प्रेमी मुस्तफा जंग, सालिम पंच, सोनू राणा, अनीश जंग, संगकारा, बारिक, रिजवान, सादिक, आरिफ, साहिल और तारिक आरजू सहित अन्य युवाओं ने बताया कि कांधला में क्रिकेट खेलने और नियमित अभ्यास करने के लिए कोई उपयुक्त मैदान उपलब्ध नहीं है। इसके चलते खिलाड़ियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उचित स्थान न मिलने के कारण उन्हें ऐसे स्थानों पर खेलना पड़ता है, जहां दुर्घटना और चोट लगने की आशंका बनी रहती है।क्रिकेट खिलाड़ी सालिम पंच ने कहा कि खेल मैदान केवल खेलने का स्थान नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा को पहचान देने और उन्हें अनुशासन से जोड़ने का माध्यम भी है। यदि कस्बे में स्टेडियम या आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल मैदान बन जाए तो स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास का अवसर मिलेगा और वे प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से युवा नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
खेल प्रेमियों ने बताया कि खेल मैदान की मांग पहले भी पालिका अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी जा चुकी है, लेकिन अभी तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है। उन्होंने प्रदेश सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग की कि कस्बे में खेल मैदान के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराकर स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि कांधला के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके।

