भरत पुर
भुसावर के वार्ड 12 में गंदगी का अंबार, नालों की सफाई नहीं
मुंडायरा से कुंडा मार्ग पर नाला जाम, दुर्गंध से परेशान वार्डवासी

नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। कस्बे के वार्ड नंबर 12 में नालों की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोग परेशान हैं। मुंडायरा से कुंडा की ओर जाने वाले मार्ग पर नाले गंदगी से अटे पड़े हैं। सफाई नहीं होने से पानी की निकासी बाधित हो रही है और जमा गंदगी से उठने वाली दुर्गंध ने आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।
वार्डवासियों के अनुसार, नालों में लंबे समय से गंदगी जमा होने के कारण रास्ते से गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। दुर्गंध से बचने के लिए लोगों को मुंह पर रुमाल रखकर निकलना पड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार परेशानी के बावजूद नगर पालिका प्रशासन इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है।
सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
वार्डवासियों ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि गंदगी के कारण आमजन को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से नालों की तत्काल सफाई करवाकर पानी की निकासी सुचारू कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि नगर पालिका प्रशासन और अधिशासी अधिकारी हनुमान शर्मा इस समस्या को गंभीरता से लेकर वार्डवासियों को राहत दिलाने के लिए कब तक कार्रवाई करते हैं।

