खैरथल

उचित मूल्य दुकान पर राशन वितरण में अनियमितता का आरोप

ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत देकर लाइसेंस निरस्त करने की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल तिजारा, मुंडावर। तहसील क्षेत्र के तिनंकिरुडी गांव स्थित उचित मूल्य दुकान पर राशन वितरण में अनियमितता किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत दी है। ग्रामीणों ने उचित मूल्य दुकान संचालक के खिलाफ जांच कर लाइसेंस निरस्त करने तथा नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि तिनकोली में उचित मूल्य दुकान एफपीएस राजेश कुमार के नाम से संचालित है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान से पात्र उपभोक्ताओं को नियमित रूप से राशन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। कई बार उपभोक्ताओं के राशन का अंगूठा लगवा लेने के बाद भी उन्हें राशन नहीं दिए जाने की शिकायत की गई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान संचालक द्वारा कुछ उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा विरोध करने पर परेशान किया जाता है। शिकायत में राशन वितरण के समय को लेकर भी अनियमितता का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार दुकान पर राशन वितरण माह के अंतिम दिनों में किया जाता है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि दुकान के स्टॉक को लेकर पूछताछ करने पर उन्हें राशन उपलब्ध नहीं होने अथवा स्टॉक समाप्त होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। ग्रामीणों ने राशन की कालाबाजारी किए जाने की आशंका भी जताई है। शिकायत के अनुसार वर्तमान में दुकान पर करीब 9253.7 किलोग्राम राशन का स्टॉक दर्ज बताया गया है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर राशन वितरण व्यवस्था की जांच कराने, पात्र उपभोक्ताओं को नियमित राशन उपलब्ध कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर उचित मूल्य दुकान का लाइसेंस निरस्त कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button