सिंगरौली

माड़ा-परसौना मार्ग पर अनियंत्रित बल्कर पलटा

33 केवी विद्युत पोल टूटा, क्षेत्र में बिजली गुल; हफ्तेभर में चौथा हादसा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली : जिले के माड़ा-परसौना सड़क मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सतना से सीमेंट लोड कर निजी पावर प्लांट जा रहा एक तेज रफ्तार भारी बल्कर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 33 केवी हाईटेंशन विद्युत पोल से टकराते हुए पलट गया। जोरदार टक्कर से बिजली का खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बच गया, जिसे मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, सीमेंट से भरा बल्कर वाहन सतना से सिंगरौली आ रहा था। शुक्रवार सुबह माड़ा-परसौना मार्ग पर आगे चल रहे एक अन्य बल्कर को ओवरटेक व साइड देने के प्रयास में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। वाहन सीधे सड़क से नीचे उतरकर 33 केवी के विद्युत पोल से जा टकराया और खेत किनारे पलट गया। हादसे में घायल चालक जितेंद्र कुमार शर्मा (निवासी मुकुंदपुर, जिला सतना) को हल्की चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
माड़ा से परसौना होते हुए सरई की ओर जाने वाला यह मुख्य मार्ग इन दिनों लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर इस मार्ग पर यह चौथा हादसा है। भारी औद्योगिक वाहनों की अंधाधुंध आवाजाही और बेलगाम रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए यहां खुटार पुलिस चौकी भी स्थापित की गई है, इसके बावजूद निरंतर हो रही दुर्घटनाओं से पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि बल्कर पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि दुर्घटना में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई है। जांच रिपोर्ट व तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button