बुलेट ट्रेन कारिडोर में कानपुर सेंट्रल को मिला स्थान कानपुर की विकास यात्रा को मिलेगी नई रफ्तार : विजय कपूर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कारिडोर में कानपुर सेंट्रल स्टेशन को शामिल किए जाने की सुखद एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने कानपुर के समस्त उद्यमियों, व्यापारियों एवं नगरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए सांसद रमेश अवस्थी का कानपुर की जनता की ओर से हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। विजय कपूर ने कहा कि कानपुर देश के प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्रों में से एक है। देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले इस ऐतिहासिक शहर को जब प्रारंभ में प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना से अलग रखा गया था, तब कानपुर वासियों में स्वाभाविक रूप से निराशा एवं पीड़ा थी। कानपुर की औद्योगिक पहचान, आर्थिक महत्व और भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए इस परियोजना में कानपुर का शामिल होना अत्यंत आवश्यक था। उन्होंने बताया कि कानपुर के हितों और जनभावनाओं को सर्वाेपरि रखते हुए उन्होंने इस विषय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को पत्र लिखकर कानपुर की आवश्यकता एवं महत्व से अवगत कराया था। साथ ही, इस संबंध में सांसद रमेश अवस्थी से भी वार्ता कर कानपुर वासियों की भावनाओं और उनकी अपेक्षाओं को उनके समक्ष रखा था। विजय कपूर ने कहा कि आज यह जानकर अत्यंत प्रसन्नता एवं संतोष का अनुभव हो रहा है कि कानपुर की जनता की सुविधा और शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कारिडोर में कानपुर सेंट्रल स्टेशन का ठहराव निर्धारित किया गया है। यह निर्णय कानपुर के विकास, औद्योगिक प्रगति और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए मैं अपने छोटे भाई एवं सांसद रमेश अवस्थी का कानपुर की जनता की ओर से हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने हमारी इस मांग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उनके सार्थक प्रयासों से कानपुर को यह महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हुई है। विजय कपूर ने मीडिया के सभी सम्मानित पत्रकार बंधुओं एवं समाचार पत्रों का भी विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इस जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित कर हमारी आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने में सराहनीय भूमिका निभाई। लोकतंत्र में मीडिया की सक्रियता और जनहित के मुद्दों को उचित मंच प्रदान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। अंत में विजय कपूर ने कहा कि कानपुर की तरक्की,कानपुर का सम्मान और कानपुर का अधिकार ही हमारा संकल्प है। कानपुर देश की औद्योगिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है और भविष्य में भी विकास की प्रत्येक बड़ी परियोजना में उसे उसका उचित स्थान मिलना चाहिए। बेहतर परिवहन सुविधाओं से उद्योग,व्यापार,निवेश,पर्यटन एवं रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा और कानपुर विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा।



