दुमका

शिक्षा से वंचित कम-से-कम एक व्यक्ति को शिक्षित करने का संकल्प लें विद्यार्थी – राज्यपाल

Students should take a pledge to educate at least one person deprived of education - Governor

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। झारखंड के राज्यपाल-सह-विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों से समाज के कम-से-कम एक वंचित व्यक्ति को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब ज्ञान का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उपाधि जीवन की मंजिल नहीं, बल्कि नई शुरुआत है। शिक्षा के साथ ईमानदारी, अनुशासन, विनम्रता और सामाजिक जिम्मेदारी भी आवश्यक है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रहित सर्वोपरि रखते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित कक्षाएं, समय पर परीक्षाएं एवं परिणाम घोषित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक सत्र में विलंब विद्यार्थियों के भविष्य और रोजगार के अवसरों को प्रभावित करता है। विश्वविद्यालय में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। राज्यपाल ने संताल हूल के वीर नायकों सिदो-कान्हु, चांद-भैरव और फूलो-झानो के संघर्ष एवं विरासत को याद करते हुए जनजातीय संस्कृति, भाषा और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं ग्रामीण विकास जैसे स्थानीय विषयों पर शोध को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत@2047 के लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने, स्थानीय उत्पादों एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने तथा नौकरी तलाशने के साथ रोजगार के अवसर सृजित करने वाला बनने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी उपलब्धियों को समाज के विकास में लगाने की अपील करते हुए आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button