बरेली
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया ‘योगी जी का युग आया’ चालीसा गीत संग्रह का विमोचन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। श्री त्रिवटीनाथ सांगवेद संस्कृत महाविद्यालय में गुरुवार को बाल रामायण के रचयिता डॉ. दीपंकर गुप्त द्वारा दीपोत्सव मनाया गया। मुख्य अतिथि कैंट विधायक एवं सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के व्यक्तित्व पर आधारित गीत संग्रह ‘योगी जी का युग आया’ चालीसा का विमोचन किया। 251 बटुकों के साथ योगी चालीसा पाठ की संगीतमय प्रस्तुति अलौकिक रही।
मुख्य अतिथि संजीव अग्रवाल ने कहा कि डॉ. दीपंकर गुप्त द्वारा रचित गीत संग्रह वास्तव में सामाजिक, धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक जागरण एवं आज के समय की मांग की महत्वपूर्ण कृति है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य बंशीधर पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के राष्ट्र धर्म हित प्रयास वंदनीय हैं। कार्यक्रम में डॉ. सुरेश चंद्र शर्मा एवं शिव ओम पाठक का विशेष सान्निध्य रहा। योगी जी के प्रतीक स्वरूप भास्करानंद महाराज बाल ब्रह्मचारी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
डॉ. दीपंकर गुप्त ने बताया कि योगी चालीसा में योगी जी के बचपन से लेकर अब तक की राष्ट्र धर्म के प्रति निष्ठा, समर्पण, सेवा एवं कार्यशैली का सारगर्भित वर्णन किया गया है। अंत में सभी को गीत संग्रह की प्रतियां बांटी गईं।




