बेतुल
बैतूल बडोरा पंचायत के सीसी सड़क निर्माण में मिली वित्तीय अनियमितताएं
2.47 लाख की वसूली प्रस्तावित

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर हुई जांच में सामने आई गड़बड़ी, तत्कालीन सरपंच और सचिव से राशि वसूली के लिए जिला पंचायत को भेजा प्रकरण
150 मीटर की स्वीकृत सड़क मौके पर 148 मीटर मिली, मनरेगा मद से मजदूरी का नहीं हुआ भुगतान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। ग्राम पंचायत बडोरा में सीसी सड़क निर्माण कार्य में वित्तीय अनियमितताओं का मामला सरकारी जांच में सामने आया है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर की गई शिकायत की जांच के बाद जारी विभागीय जवाब में 2 लाख 47 हजार 283 रुपए की स्वीकृत राशि वसूली योग्य बताई गई है। इस संबंध में तत्कालीन सरपंच और सचिव से वसूली की कार्रवाई के लिए प्रकरण जिला पंचायत बैतूल भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम बडोरा में गुलजार के घर से दुर्गाचरण सरले के घर की ओर 150 मीटर सीसी सड़क निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में 2 लाख 47 हजार 283 रुपए स्वीकृत किए गए थे। इसमें मनरेगा मजदूरी मद से 32 हजार 626 रुपए और 15वें वित्त आयोग मद से 2 लाख 14 हजार 657 रुपए स्वीकृत थे।
जांच दल ने अभिलेखों का परीक्षण करने के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इसमें स्वीकृत 150 मीटर के बजाय मौके पर 148 मीटर सड़क निर्मित पाई गई। रिपोर्ट में बोरिंग कोड खराब होने का भी उल्लेख है। साथ ही मनरेगा मद से मजदूरी पर कोई व्यय नहीं होने और कार्य को ओपन नहीं किए जाने की जानकारी दी गई है। विभागीय जवाब में 15वें वित्त आयोग मद से 40 हजार 685 रुपए खर्च होने का उल्लेख करते हुए कुल 2 लाख 47 हजार 283 रुपए की राशि तत्कालीन सरपंच और तत्कालीन सचिव से वसूली योग्य बताई गई है।




