बालगृह के बच्चों को नवोदय विद्यालय में प्रवेश दिलाने के लिए कराएं प्रवेश परीक्षा की तैयारी : डीएम
डीएम ने दैलवारा स्थित राजकीय बालगृह का किया औचक निरीक्षण

बच्चों के परिवारों का पता लगाकर घर भेजने के दिए निर्देश
व्यावसायिक शिक्षा से बच्चों को बनाएं हुनरमंद
खेलकूद और योग को भी दिनचर्या में करें शामिल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने राजकीय बालगृह (बालक) दैलवारा का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बालगृह में रह रहे बच्चों (संवासियों) के बेहतर भविष्य और पुनर्वास पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराकर नवोदय विद्यालय में प्रवेश दिलाने का प्रयास किया जाए। साथ ही उनके परिवारों का पता लगाकर बाल संरक्षण समिति के माध्यम से उन्हें घर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बालगृह में बच्चों के रहन-सहन, खानपान, पहनावे, शारीरिक एवं मानसिक स्थिति, शिक्षा और कौशल विकास से संबंधित व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की। इस दौरान बच्चे पढ़ाई करते हुए मिले। डीएम ने परिसर का भ्रमण कर शयन कक्ष, क्लास रूम, शौचालय और रसोईघर का निरीक्षण किया तथा साफ-सफाई की स्थिति देखी। जिलाधिकारी ने बच्चों से अलग-अलग बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बालगृह की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अधीक्षक को निर्देशित किया कि प्रत्येक बच्चे के परिवार का पता लगाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। परिवार की जानकारी मिलने पर बाल संरक्षण समिति के माध्यम से नियमानुसार बच्चों को उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि बालगृह में रहने वाले बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्हें नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई जाए, ताकि योग्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक संस्थान में पढऩे का अवसर मिल सके। इसके साथ ही बच्चों को व्यावहारिक एवं व्यावसायिक शिक्षा प्रदान की जाए, जिससे वे विभिन्न कौशल सीखकर भविष्य में स्वरोजगार से जुड़ सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। डीएम ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद, व्यायाम और योग जैसी गतिविधियां नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रसोईघर में तैयार होने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित मीनू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने को कहा। परिसर, शयन कक्ष, कक्षाओं और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बालगृह में बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हेमंत पटेल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज सिंह, सूचना अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बाल संरक्षण समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



