ताराटांड़ में पागल सियार का आतंक, पांच लोगों को काटकर किया घायल
एक महिला सहित पांच लोग जख्मी, प्राथमिक उपचार के बाद तीन को हायर सेंटर रेफर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। नावाडीह प्रखंड अंतर्गत ताराटांड़ गांव में सोमवार को एक पागल सियार ने आतंक मचाते हुए पांच लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सियार के हमले में एक महिला सहित पांच लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावाडीह में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताराटांड़ गांव में सोमवार को एक सियार अचानक लोगों पर हमला करने लगा। सियार के हमले में
मेघलाल महतो (74 वर्ष), बसंती देवी (55 वर्ष), राजू महतो (54 वर्ष), बालेश्वर महतो (31 वर्ष) तथा अशोक महतो (45 वर्ष)
घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी नावाडीह पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका प्राथमिक उपचार किया गया।प्राथमिक उपचार के बाद घायलों में तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव के लोगों में सियार के हमले को लेकर चिंता बनी हुई है।



