सिंगरौली
दीपावली पर माड़ा के प्राचीन हनुमान मंदिर में भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने की पूजा-अर्चना।
स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय कारीगरों का बढ़ाया उत्साह।

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
सिंगरौली। प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली के जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने माड़ा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचकर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रभु श्री हनुमान की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों के सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना करते हुए बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर परिसर में आयोजित दीपावली मेले का भ्रमण किया। मेले में स्थानीय कारीगरों एवं छोटे व्यापारियों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही स्थानीय हुनर, पारंपरिक शिल्पकला एवं स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने का प्रेरक संदेश भी दिया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना महज खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों एवं छोटे व्यापारियों के परिश्रम, हुनर और सृजनशीलता को सम्मान देने का सशक्त माध्यम है। स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, बल्कि इससे जुड़े अनेक परिवारों की आजीविका को भी संबल मिलता है।उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि इस दीपावली पर अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय कारीगरों एवं व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान लाएं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर माड़ा मंडल अध्यक्ष भागवत जायसवाल, खुटार मंडल अध्यक्ष मनोज शाह, जनपद सदस्य रणधीर सिंह, मंडल प्रभारी अशोक शाह, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप चौबे, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष रवि चौरसिया, संजय दुबे, अर्जुन शाह, अभिषेक दुबे सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




