बरेली
जनगणना-2027 : 16 से 30 नवम्बर तक चलेगा ऑनलाइन स्व-गणना अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में 16 से 30 नवम्बर 2026 तक चलने वाले स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान को सफल बनाने के लिए जनसेवा केंद्र योजना से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना के लिए प्रेरित करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने जिला प्रबंधक, केएनडी, कार्यदायी संस्था जनसेवा केंद्र योजना, श्रेई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड तथा सीएससी जिला प्रबंधक, बरेली को निर्देशित किया है कि वे स्वयं व अपने अधीन संचालित जनसेवा केंद्रों के माध्यम से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी व कार्यदायी संस्थाएं जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट *https://se.census.gov.in* पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों के अनुसार ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें और केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को भी इसके बारे में जानकारी देकर जागरूक करें।
स्व-गणना अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन अपनी गणना करने के लिए प्रोत्साहित करना और जनगणना प्रक्रिया को सरल, सुगम व सहभागी बनाना है। कार्यदायी संस्थाएं जनसेवा केंद्रों के माध्यम से स्व-गणना की प्रगति का नियमित अनुश्रवण व सत्यापन भी करेंगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्व-गणना पूरी होने पर मिलने वाली स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) को संबंधित व्यक्ति का नाम व मोबाइल नंबर सहित निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से अंकित व सुरक्षित रखा जाए, ताकि प्रगति का सत्यापन हो सके।
उन्होंने शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा और स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता व लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।



