सिंगरौली
मैहर में ट्रक के पीछे फंसी कार, आग लगने से मची अफरा-तफरी; सिंगरौली के 3 लोग घायल
जबलपुर से बैढ़न लौट रहे थे कार सवार, ट्रक चालक काफी दूर तक घसीटता ले गया वाहन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। मैहर जिले में रविवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से सिंगरौली आ रही एक कार चलते ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक कार को काफी दूर तक घसीटता ले गया। इस दौरान कार में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कार सवार 3 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग जबलपुर से बैढ़न की ओर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। कोतवाली थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घायलों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30), पिता रोहणी प्रसाद पांडेय, निवासी बैढ़न, सिंगरौली; आशीष कुमार पांडेय (40), पिता हनुमान प्रसाद पांडेय, निवासी बैढ़न, सिंगरौली और शिवेंद्र पांडेय (32), पिता सुशील कुमार पांडेय, निवासी बैढ़न, सिंगरौली के रूप में हुई है।हादसे के कारणों और कार में आग लगने की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।



