बरेली
पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं बीएलए : डीएम

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए बूथ लेवल एजेंट सक्रिय होकर कार्य करें। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की बैठक में डीएम ने कहा कि जनपद में जनसंख्या के सापेक्ष मतदाताओं का अनुपात कम है। बीएलए भ्रमण कर पात्र नागरिकों को चिह्नित करें और फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग करें। इसमें आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, नगर निकायों के वर्तमान व पूर्व सभासदों का भी सहयोग लिया जाए।
पुनरीक्षण का कार्यक्रम
17 नवंबर को एकीकृत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा और अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। विशेष अभियान दिवस 21, 22, 28 व 29 नवंबर को होंगे। इन दिनों सभी बीएलओ बूथ पर फॉर्म-6, 7 व 8 के साथ मौजूद रहेंगे।
जनपद में 29.80 लाख से अधिक मतदाता
जनपद के नौ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 29,80,682 मतदाता हैं। इनमें 16,23,852 पुरुष, 13,56,774 महिला व 56 तृतीय लिंग मतदाता हैं। कुल 3807 मतदेय स्थल व 1941 मतदान केंद्र हैं। सभी बूथों पर बीएलओ नियुक्त हैं। डीएम ने बताया कि बीएलए एक बार में 10 और पूरे अभियान में अधिकतम 30 फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। फॉर्म-7 को लेकर उन्होंने चेतावनी दी कि मिथ्या घोषणा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1950 की धारा-31 के तहत दंडनीय है, जिसमें एक वर्ष तक कारावास या जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
बैठक में जनगणना-2027 की स्व-गणना के लिए भी सहयोग की अपील की गई। 20 नवंबर से ईवीएम प्रशिक्षण सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलेगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ व प्रगणकों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।



