सिंगरौली
जयंत में युवक की निर्मम हत्या से मचा बवाल, शव रखकर चक्काजाम
आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग

जन्मदिन पार्टी से लौट रहे भूपेंद्र सिंह की चाकू से गला रेतकर हत्या, जिला बदर आरोपी के खुलेआम घूमने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले के जयंत चौकी क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया। जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रहे सेक्टर-बी जयंत निवासी भूपेंद्र सिंह की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मामूली विवाद से शुरू हुई कहासुनी खूनी वारदात में बदल गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ओवरटेक और पार्किंग विवाद में खूनी संघर्ष
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र सिंह देर रात जन्मदिन की पार्टी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जयंत क्षेत्र में वाहन ओवरटेक करने को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। इसके अलावा कोयला वाहनों की पार्किंग से जुड़ी कथित वसूली को लेकर भी विवाद की बात सामने आ रही है। इसी कहासुनी और रंजिश के बीच उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र की मौत हो गई।
चौकी के सामने शव रखकर चक्काजाम, बुलडोजर कार्रवाई की मांग
हत्याकांड के विरोध में बुधवार सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों ने जयंत चौकी के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उनके एनकाउंटर और अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने एसईसीएल की जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बना रखे हैं। प्रशासन ऐसे निर्माणों को तत्काल ध्वस्त करे। इसके साथ ही जयंत चौकी प्रभारी को हटाने की मांग भी की गई। कई घंटों तक चले प्रदर्शन के चलते इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
जिला बदर आरोपी के घूमने पर पुलिस की भूमिका कटघरे में
परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि हत्या के मामले में शामिल एक मुख्य आरोपी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई चल रही थी, इसके बावजूद वह जयंत क्षेत्र में खुलेआम घूम रहा था। यदि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती तो शायद इस वारदात को रोका जा सकता था। अब सवाल उठ रहे हैं कि जिला बदर की कार्रवाई के बावजूद आरोपी क्षेत्र में कैसे सक्रिय था?
एक दिन पहले भी हुआ था विवाद, दो लोग हिरासत में
मामले में बनौली निवासी सागर वर्मा पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया जा रहा है। चर्चा है कि आरोपी भाजपा जयंत मंडल अध्यक्ष का भतीजा है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) हेमंत कुमार के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि जिला बदर की कार्रवाई के बावजूद आरोपी क्षेत्र में कैसे घूम रहा था? क्या पुलिस को पहले हुए विवाद की जानकारी होने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया? परिजन न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।





