गोरखपुर
कांग्रेसी नेता की शिकायत पर दुर्गावती हॉस्पिटल के संचालक पर आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने तथा शिकायतकर्ता के खिलाफ अभद्र पोस्ट करने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश मणि त्रिपाठी की शिकायत पर पुलिस ने दुर्गावती हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मनोज यादव के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम 2008 की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बड़हलगंज क्षेत्र के सहडौली निवासी अवधेश मणि त्रिपाठी ने सात नवंबर को पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि डॉ. मनोज यादव अपने सोशल मीडिया अकाउंट से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। साथ ही उनके व्यक्तिगत जीवन को लेकर भी कथित तौर पर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके विरुद्ध झूठे और निराधार आरोप लगाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने के साथ ही कांग्रेस पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।



