गोरखपुर

बड़हलगंज में फर्जी बैंकिंग का बड़ा खेल! गरीबों की गाढ़ी कमाई लूटकर करोड़पति बन रहे संचालक

दोगुना पैसा और मोटे मुनाफे का लालच देकर घर-घर बिछाया जा रहा जाल

मजदूर और निम्न मध्यमवर्गीय परिवार निशाने पर                                                   
बाहर कमाने गए पुरुषों की खून-पसीने की कमाई पर कथित तौर पर डाका
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : क्षेत्र में फर्जी बैंकिंग और अवैध वित्तीय कारोबार का कथित जाल तेजी से फैल रहा है। दोगुना पैसा करने, कम समय में मोटा मुनाफा दिलाने और जल्द अमीर बनने का सपना दिखाकर गरीबों और मेहनतकश परिवारों की गाढ़ी कमाई जुटाई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इस कथित नेटवर्क में निवेश करने वालों में बड़ी संख्या महिलाओं की बताई जा रही है, जबकि बाहर कमाने गए पुरुष अपनी मेहनत की कमाई घर भेज रहे हैं और वही रकम इन संदिग्ध योजनाओं में खपाई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, इस कारोबार से जुड़े लोग महिलाओं को माध्यम बनाकर घरों के भीतर तक अपनी पहुंच बना रहे हैं। महिला एजेंटों के जरिए दूसरी महिलाओं को जोड़ने और परिवारों को निवेश के लिए तैयार करने की रणनीति अपनाई जा रही है। कहीं जल्द पैसा दोगुना होने का सपना दिखाया जा रहा है तो कहीं भविष्य में गहने बनवाने और आर्थिक स्थिति बदलने का लालच दिया जा रहा है। परिवारों में बाहर रहकर कमाने वाले पुरुषों को भी कथित तौर पर लगातार पैसा भेजने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। घरों में महिलाओं को भरोसा दिलाया जा रहा है कि पैसे का पूरा प्रबंधन वे स्वयं कर लेंगी।
इस कथित नेटवर्क का सबसे बड़ा शिकार मजदूर और निम्न मध्यमवर्गीय परिवार बन रहे हैं। रोजी-रोटी के लिए दूसरे शहरों और प्रदेशों में पसीना बहाने वाले लोग अपनी बचत परिवार के पास भेजते हैं, लेकिन उनकी मेहनत की कमाई कहां और किसके पास निवेश हो रही है, इसकी पूरी जानकारी तक कई बार उन्हें नहीं होती। कम समय में करोड़पति बनने की चाहत और बिना मेहनत मोटा मुनाफा पाने का लालच इन परिवारों को जोखिम भरे निवेश की ओर धकेल रहा है।
स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहा है कि आखिर बिना स्पष्ट बैंकिंग अनुमति और वैधानिक पंजीकरण के लोगों से बड़े पैमाने पर रकम जुटाने वाले इन कथित संचालकों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? यदि ये संस्थाएं वैध हैं तो इनके पास आरबीआई अथवा संबंधित नियामक की अनुमति क्या है? जमा रकम की सुरक्षा की क्या गारंटी है और निवेशकों को पैसा वापस करने की जिम्मेदारी किसकी है?
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि रोजवैली, राप्ती, गोमती और पियरलेस जैसी पुरानी वित्तीय कंपनियों के विवादों और निवेशकों की फंसी रकम से भी सबक नहीं लिया गया। पहले भी आकर्षक योजनाओं के नाम पर लोगों की जमा पूंजी डूबने के मामले सामने आ चुके हैं, बावजूद इसके नए-नए नामों और तरीकों से कथित वित्तीय जाल फैलाने की आशंका बनी हुई है।
अब प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए
बड़हलगंज में सक्रिय संदिग्ध वित्तीय संस्थाओं, उनके संचालकों, एजेंटों, बैंक खातों और निवेश के नाम पर जुटाई गई रकम की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जिलाधिकारी, पुलिस प्रशासन और संबंधित वित्तीय नियामक संस्थाएं यह स्पष्ट करें कि क्षेत्र में कौन-कौन सी संस्थाएं वैध रूप से काम कर रही हैं और कौन बिना अनुमति लोगों की जमा पूंजी जुटा रही हैं। गरीबों की जीवनभर की कमाई डूबने के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते इस कथित लूट के खेल पर लगाम लगाना जरूरी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button