सिंगरौली
जयंत हत्याकांड में काली स्कॉर्पियो को लेकर उठे सवाल
पवन शाह का नाम चर्चा में; पुलिस कर रही जांच

वाहन में काली फिल्म और इंश्योरेंस की वैधता पर उठे प्रश्न, सीएसपी बोले- संलिप्तता सामने आने पर होगी गिरफ्तारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जयंत हत्याकांड में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब एक काले रंग की स्कॉर्पियो को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चर्चा है कि इस वाहन का इस्तेमाल वारदात से जुड़े लोगों द्वारा किया जाता रहा है। वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगी होने और इंश्योरेंस की वैधता समाप्त होने की बात भी सामने आ रही है। इस संबंध में पवन शाह नामक व्यक्ति का नाम भी चर्चा में है। हालांकि, वाहन के स्वामित्व और हत्याकांड में उसकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि यदि यह वाहन लंबे समय से क्षेत्र में संचालित हो रहा था और इसके शीशों पर काली फिल्म लगी थी, तो अब तक इसकी जांच क्यों नहीं हुई? क्या वाहन के दस्तावेजों और यातायात नियमों के पालन की जांच की गई थी? लोगों ने वाहन के स्वामित्व, इंश्योरेंस और हत्याकांड में उसके संभावित इस्तेमाल की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
थाने में खड़ा कराया गया वाहन
पुलिस ने हत्याकांड में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जिला जेल पचौर भेज दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है। संबंधित काली स्कॉर्पियो को भी थाने में सुरक्षित खड़ा कराया गया है और उसकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
पवन शाह के नाम पर सीएसपी ने क्या कहा?
इस मामले में सीएसपी विंध्यनगर हेमंत कुमार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि हत्याकांड में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों और वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध में इस्तेमाल हुई काली स्कॉर्पियो के मामले में पवन शाह का नाम सामने आता है और उसकी संलिप्तता की पुष्टि होती है, तो उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि स्कॉर्पियो का हत्याकांड में किस तरह इस्तेमाल हुआ और वाहन के मालिक या चालक की क्या भूमिका रही। ऐसे में वाहन के दस्तावेजों, काली फिल्म और कथित इंश्योरेंस संबंधी अनियमितताओं की जांच भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



