सिंगरौली
समग्र ई-केवाईसी के बाद कई बुजुर्गों की पेंशन बंद, बीपीएल सूची से भी कटे नाम
कोरसर कोठार के सरपंच विद्यासागर तिवारी ने उठाया मामला, चितरंगी जनपद की पंचायतों में 40 से 50 हितग्राहियों के प्रभावित होने का दावा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले की चितरंगी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर कोठार के सरपंच विद्यासागर तिवारी ने समग्र ई-केवाईसी के बाद वृद्धावस्था पेंशन और बीपीएल योजना के पात्र हितग्राहियों के नाम कटने का मामला उठाया है। उनका कहना है कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया के दौरान कई ऐसे बुजुर्गों की पेंशन बंद हो गई, जिन्हें पहले नियमित रूप से इसका लाभ मिल रहा था।
सरपंच के अनुसार, कई हितग्राहियों की दो-दो समग्र आईडी बनी हुई थीं। वृद्धावस्था पेंशन में एक आईडी दर्ज थी, जबकि राशन कूपन में दूसरी आईडी का उपयोग किया जा रहा था। कूपन के सत्यापन और ई-केवाईसी के दौरान एक आईडी सक्रिय रहने तथा दूसरी निष्क्रिय होने से पेंशन वाली आईडी प्रभावित हो गई। इसके परिणामस्वरूप कई बुजुर्गों के नाम पेंशन सूची से हट गए।
परिवार विभाजन से बीपीएल सूची भी प्रभावित
सरपंच ने बताया कि परिवार का कोई सदस्य बालिग होने या विवाह के बाद अलग रहने पर उसकी अलग समग्र आईडी बन गई। इससे परिवार की बीपीएल सूची भी प्रभावित हुई और पिता का नाम सूची से हट गया। उनका कहना है कि ऐसे कई परिवारों के पास खुद की जमीन-जायदाद नहीं है और वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं, इसके बावजूद उन्हें योजना के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।
विद्यासागर तिवारी का दावा है कि चितरंगी जनपद की शायद ही कोई पंचायत ऐसी होगी, जहां 40 से 50 हितग्राहियों के नाम इस तरह प्रभावित न हुए हों। पंचायत स्तर पर समस्या को अधिकारियों तक पहुंचाया जा रहा है, लेकिन नियमानुसार पंचायतों के पास स्वयं इस तरह की त्रुटियों में सुधार करने का अधिकार नहीं है।
कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ तक पहुंचा मामला
सरपंच ने बताया कि इस समस्या से कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को भी अवगत कराया गया है। अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेकर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब प्रभावित हितग्राहियों को उम्मीद है कि प्रशासन तकनीकी विसंगतियों का समाधान कर पात्र बुजुर्गों और गरीब परिवारों को पेंशन तथा बीपीएल योजना का लाभ फिर से दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।



